नीमच। वीरेन्द्र कुमार सकलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नीमच में आज नवनिर्वाचित एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। यह समारोह भावी चिकित्सकों के जीवन का एक महत्वपूर्ण क्षण होता है, जो उन्हें चिकित्सा पेशे की मर्यादा, नैतिकता और सेवा भावना के प्रति समर्पित होने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान प्रथम वर्ष के सभी छात्र-छात्राओं को व्हाइट कोट प्रदान किए गए तथा उन्हें चिकित्सकीय पेशे की नैतिक जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी इस गरिमामय समारोह में भाग लेकर अपने बच्चों के इस नए सफर के आरंभ पर हर्ष और गर्व की अनुभूति व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संस्था के डीन डॉ. आदित्य बेराड द्वारा महर्षि चरक संहिता की शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्हें चिकित्सा सेवा को मानवता के उत्थान हेतु समर्पित करने का संकल्प कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. महेंद्र पाटिल सिविल सर्जन, डॉ दिनेश प्रसाद सीएमएचओ रहे उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्हाइट कोट केवल परिधान नहीं, बल्कि यह सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इस पूरे कार्यक्रम में. बायोकेमिस्ट्री विभागाध्यक्ष (डॉ.) जे. के. साहू, पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष, (डॉ.) मुस्तफा अली, एनाटॉमी विभागाध्यक्ष, (डॉ.) फातिमा अली बोपालवाला, फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ तारा , कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष (डॉ.) रेणु बागमारे सहित समस्त चिकित्सक शिक्षक उपस्थित रहे