नीमच - आज हम सभी लोकमाता देवी अहिल्याबाई की त्रिशताब्दि जयन्ति वर्ष मना रहे हैं,लोकमाता अहिल्याबाई ने आज से 300 वर्ष पूर्व नारी शक्ति की एक मिसाल पेश की है वे नारी शक्ति की प्रेरणा का जीता जागता उदाहरण है, आज भी भारत में कई नारी शक्तियां देश को ऊंचाइयों पर ले जाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही है
,उक्त उदगार क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार ने स्थानीय सांदीपनि शा कन्या उ माध्यमिक विद्यालय नीमच केंट में आयोजित जिला स्तरीय लोकमाता देवी अहिल्याबाई के त्रिशताब्दि जयन्ति वर्ष के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में व्यक्त करते हुए कहे।
उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए विधायक परिहार ने देवी अहिल्याबाई के आदर्शों को जीवन मे आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उक्त जिला स्तरीय कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अमन वैष्णव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नीमच के मार्गदर्शन में गरिमा मय भव्य आयोजन हुआ , जिसमें माह अप्रैल में देवी अहिल्याबाई के जीवन दर्शन पर नीमच जिले के सभी हायर सेकेंडरी स्कूलो में निबंध,वादविवाद, भाषण,पोस्टर मेकिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यालय स्तर पर प्रथम आए विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यकम का प्रारम्भ मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार,नपा नीमच की अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ,सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव,मुख्य वक्ता प्रो.बिना चौधरी,जिला शिक्षा अधिकारी एस एम माँगरिया ने माँ सरस्वती एवं लोकमाता देवी अहिल्याबाई के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने बहुत ही कम उम्र में शासन करते हुए कई बेमिसाल कार्य किए। नपा अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आव्हान किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रो.बिना चौधरी ने देवी अहिल्याबाई के सम्पूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक कुशल प्रशासक, लोकप्रिय शिव भक्त,दूर दृष्टि से परिपूर्ण दयावान राजा थी, उनका कृतित्व और व्यक्तित्व इतिहास के पन्नो में हमेशा अमर रहेगा। प्रारम्भ में स्वागत उद्बोधन जिला शिक्षा अधिकारी एस एम माँगरिया ने दिया,अतिथियों का स्वागत डी ई ओ माँगरिया और सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य के एस जैन ने किया ।
कार्यक्रम में सांदीपनि विद्यालय नीमच की नन्ही छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका मंजुला धीर एवं आभार प्राचार्य के एस जैन ने व्यक्त किया।