मंदसौर -
मंदसौर के सैनिक कृष्णपाल सिंह की झारखंड के कोडरमा में मौत हो गई।
बाबुखेड़ा गांव का रहने वाला कृष्णपाल सिंह भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में रांची के दीपा टोली कैंट में तैनात था। हाल ही में वह अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होने घर आया था।
शादी के बाद 7 जून की रात वह वापस ड्यूटी पर लौटने के लिए निकला। रास्ते में सोमवार दोपहर कोडरमा रेलवे स्टेशन पर उतरा और वहीं से उसने अपने परिजनों को फोन कर बताया कि किसी ने उसे कुछ खिला दिया है, जिससे उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ रही है।
फोन के कुछ समय बाद ही कृष्णपाल स्टेशन के बाहर बेहोश हो गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर किया गया। इलाज के दौरान सोमवार शाम को उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सेना के अधिकारी रांची कैंप से कोडरमा पहुंचे। स्थानीय पुलिस की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मंगलवार को कृष्णपाल का पार्थिव शरीर मंदसौर के लिए रवाना किया गया।
बुधवार को महू होते हुए शव मंदसौर पहुंचेगा
अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। गांव में मातम पसरा है और परिवार बेसुध है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।