नीमच। कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर नीमच में आयोजित जिला-स्तरीय कार्यक्रम के पश्चात युवा कांग्रेस की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घंघोरिया एवं पूर्व विधायक शिव चौहान ने विशेष रूप से उपस्थित होकर “चलो पंचायत चले” ग्राम चौपाल अभियान को लेकर युवा पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक की शुरुआत में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहनसिंह मन्नू बना ने सभी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने अभियान के उद्देश्य, कार्ययोजना और पंचायत स्तर पर ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करने की रणनीति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह अभियान नीमच जिले में युवा कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बनेगा। प्रदेश अध्यक्ष यश घंघोरिया ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत गांवों में है और “चलो पंचायत चले” अभियान के जरिए युवाओं को पंचायत-पंचायत तक सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत विकास कार्यों की स्थिति और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जैसे मुद्दों को ग्राम चौपाल में प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। पूर्व विधायक शिव चौहान ने कहा कि यह अभियान केवल संगठन विस्तार नहीं बल्कि ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने की राजनीतिक पहल है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे गांवों में बैठकर आमजन की बात सुनें और उनकी समस्याओं को मजबूती से संगठन व प्रशासन तक पहुंचाएं। बैठक में यह भी तय किया गया कि जिले की चयनित ग्राम पंचायतों में युवा कांग्रेस द्वारा नियमित ग्राम चौपाल आयोजित की जाएंगी, जहां ग्रामीणों की समस्याओं को लिखित रूप में संकलित कर उन्हें संगठन के उच्च स्तर तक भेजा जाएगा। साथ ही पंचायत स्तर पर नए युवा नेतृत्व को तैयार करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। बैठक में नीमच उपाध्यक्ष वैभव अहीर, अर्जुन कुमार गुर्जर एवं यशवंत लोहार, महासचिव पुष्पेंद्रसिंह, राकेश पाटीदार, रामप्रसाद धनगर, रमेश मेघवाल, मनीष कदम, राजेन्द्र मीणा, नीमच विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष अजय यादव, जीरन ब्लॉक से अध्यक्ष बंटी जाट, नीमच ग्रामीण-1 से अध्यक्ष पृथ्वीराज मेघवाल व उपाध्यक्ष मोहनलाल सुथार, नीमच शहर-1 से अध्यक्ष रजत सेठिया, नीमच शहर-2 से अध्यक्ष गौरव गोयल व उपाध्यक्ष अंकित जाजोरिया और रविन्द्र सिंह, जीरन नगर अध्यंक्ष अध्यक्ष दिलीप राठौर भी बैठक में शामिल थे। अंत में सभी युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने “चलो पंचायत चले” अभियान को पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ चलाने का संकल्प लिया और नीमच जिले में गांवों से शहर तक मजबूत जनसंवाद स्थापित करने की प्रतिबद्धता दोहराई