केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को बदनावर-उज्जैन फोरलेन का लोकार्पण किया। धार जिले के बदनावर में 1352 करोड़ लागत से तैयार इस फोरलेन का निर्माण भारत माला परियोजना के तहत किया गया है। गडकरी ने कार्यक्रम में कुल 5800 करोड़ की 328 किलोमीटर लंबी 10 सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन भी किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- ये बदलते दौर का मध्यप्रदेश है। आज जिस तरह से सड़क कनेक्टिविटी बढ़ रही है, उसने सड़कों का काला अतीत खत्म किया। ये काम बीजेपी सरकार ने कर दिखाया है। बदनावर-उज्जैन फोरलेन बनने से गुजरात के साथ अन्य राज्यों के लिए आने-जाने में आसानी होगी।
सीएम ने कहा- आने वाले सिंहस्थ में हम ऐसी व्यवस्था कर रहे हैं कि उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं आएगी।
एक घंटे में तय होगा 69 किलोमीटर का सफर
फिलहाल उज्जैन से बदनावर के बीच 69 किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब डेढ़ घंटे लगते हैं। फोरलेन बनने के बाद यह सफर करीब एक घंटे में तय होगा। इससे दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर से जुड़ना आसान हो जाएगा।