नीमच - समीपस्थ ग्राम बराड़ा में शासकीय विद्यालय परिसर में मध्यान्ह भोजन योजना के लिए बने किचन शेड की छत अचानक गिर गई। हादसे के वक्त महिला रसोइया श्यामाबाई गिर भोजन तैयार कर रही थीं। छत का प्लास्टर भरभराकर गिरा, जिससे वे घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही महिला स्वयं सहायता समूह संघ की प्रदेश अध्यक्ष माया मनोहर बैरागी मौके पर पहुंचीं और घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
संकुल प्राचार्य एन.के. नागदा ने बताया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा पूर्व में ही मध्यान्ह भोजन संचालन करने वाले समूह को इस किचन शेड में खाना नहीं बनाने की हिदायत दी गई थी, क्योंकि छत जर्जर हो चुकी थी। वहीं बीआरसी कमलेश बाड़िका ने भी पुष्टि की कि छत गिरने की घटना से महिला रसोइया घायल हुई हैं।
महिला स्वयं सहायता समूह संघ की प्रदेश अध्यक्ष माया मनोहर बैरागी ने बताया कि किचन शेड की जर्जर स्थिति को लेकर पूर्व में ही जिला पंचायत सीईओ एवं विद्यालय प्रबंधन को लिखित सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं होने से यह दुर्घटना घट गई। इस घटना ने प्रशासनिक लापरवाही की ओर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों एवं सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि दोषियों पर उचित कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए।