निम्बाहेड़ा में धीनवा-जावदा रोड पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। चचेरे भाई की होटल से निकलकर महज 500 मीटर दूर अपने घर लौट रहा था। रोड़ पर चढ़ते ही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चचेरे भाई से मिलकर होटल से निकला, घर नहीं पहुंच सका
जानकारी के अनुसार जीवन रावत (24) निवासी धीनवा, शुक्रवार रात करीब 8 बजे होटल से घर के लिए निकला था। जैसे ही वह धीनवा-जावदा रोड पर पहुंचा, पीछे से आई तेज़ रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीवन बाइक से उछलकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे तत्काल निम्बाहेड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कार ड्राइवर फरार, पुलिस जुटी तलाश में
घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर निम्बाहेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार का इकलौता सहारा था जीवन
परिजनों के मुताबिक, जीवन रावत परिवार का इकलौता पुत्र था। वह खेती और छोटे-मोटे कार्यों से घर का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में भी शोक का माहौल है।