इंदौर - इंदौर-देवास रोड पर शुक्रवार को 32 घंटे का जाम लग गया, इस 8 किलोमीटर जाम में 4 हजार वाहन फंसे थे। इस दौरान तीन लोगों की मौत हो गई, दो को हार्ट अटैक और एक पेशेंट ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया।
बता दें लंबे जाम में फंसे इंदौर के एक बुजुर्ग किसान को कार में घबराहट हुई। जाम इतना लंबा था कि उनकी कार डेढ़ घंटे तक फंसी रही। उन्हें देवास के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
किसान का नाम कमल पांचाल (62), निवासी सैटेलाइट टाउनशिप, बिजलपुर है। नजदीकी रिश्तेदारों ने बताया कि गुरुवार को उनकी बहन की तेरहवीं का कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए वे शारदा, पुत्र विजय और बहू प्रियंका के साथ कार में जा रहे थे। तभी अर्जुन बड़ौदा के पास जाम लग गया, जिसमें उनकी कार भी फंस गई।
कुछ देर बाद उन्हें घबराहट होने लगी। इस दौरान बेटे विजय ने कार निकालने की कोशिश की, लेकिन वह आगे बढ़ नहीं सकी, क्योंकि वहां से मूव करने तक की जगह नहीं थी। इस बीच वे तड़पते रहे और बेहोश हो गए। करीब डेढ़ घंटे बाद जब जाम खुला तो परिवार के लोग उन्हें उसी कार से देवास के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजन बोले- जाम हटाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी
परिवार का कहना है कि जाम हटाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। यहां अक्सर जाम लगता है। बारिश के दिनों में तो और भी फजीहत हो जाती है। दोपहर को उनका शव इंदौर लाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार में दो बेटे हैं, दोनों की शादियां हो चुकी हैं। देवास एसपी पुनीत गेहलोत ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
देवास कांग्रेस अध्यक्ष ने इंदौर कलेक्टर को पत्र लिखकर सर्विस रोड बनाने की मांग की
गंभीर स्थिति को देखते हुए देवास शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि मुख्य पुल के निर्माण से पहले सर्विस रोड बनाई जाए, ताकि ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग मिल सके।
साथ ही जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं होता, तब तक टोल टैक्स की वसूली भी रोकी जाए। राजानी ने देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह को भी इस पत्र की कॉपी भेजी है और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल समाधान की मांग की है।