नीमच - पर्यावरण संरक्षण को समर्पित नगर समस्या सुझाव ग्रुप (NSSG) द्वारा एक सराहनीय पहल के तहत "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान के तहत 29 जून, रविवार की सुबह 10 बजे सीआरपीएफ सुवाखेड़ा रेंज परिसर में 501 पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया जाएगा।
यह वृक्षारोपण सेठ स्व. जीवन भाई दुआ एवं स्व. कृष्णा देवी दुआ की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। NSSG के एडमिन विवेक खंडेलवाल ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मातृत्व को श्रद्धांजलि अर्पित करना और समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना है।
कार्यक्रम में नीम, आम, पीपल, बरगद, आंवला, बेल, अशोक जैसे छायादार और फलदार पौधे लगाए जाएंगे। विशेष बात यह होगी कि परिसर में ‘पंचवटी’ का भी निर्माण किया जाएगा। पंचवटी यानी पीपल, बरगद, बेल, आंवला और अशोक का धार्मिक, औषधीय एवं पारिस्थितिकीय महत्व विशेष है।
"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान समाज में यह संदेश देगा कि जैसे माँ जीवन का स्रोत होती है, उसी प्रकार वृक्ष भी जीवन का आधार हैं। ग्रुप द्वारा सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस पुनीत कार्य को सफल बनाने की अपील की गई है।