रतलाम -
रतलाम में 9 दिन पहले कालिका माता मंदिर परिसर में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी दोस्त की महिला मित्र को युवक ने फोन लगाकर बात की थी। इसी नाराज होकर दोस्त ने गुस्सा आने पर नशे में विवाद के बाद चाकू मार कर हत्या कर दी।
29 मई की सुबह शहर के स्टेशन रोड थाना अंतर्गत मित्र निवास कॉलोनी में खाली प्लॉट पर एक युवक का शव मिला था। शरीर पर चाकू के निशान थे। मृतक की पहचान अरुण (21)पिता मनोहर लाल असावरा निवासी रत्नेश्वर रोड रतलाम के रूप में हुई थी।
पुलिस ने प्राथमिक जांच में अरुण की हत्या होना पाया। जांच की तो पता चला कि 28 मई की रात को कालिका माता मंदिर परिसर में नास्ता पानी की गुमटियों के पीछे अरुण का किसी से विवाद हुआ था। विवाद में अरुण को चाकू मारा गया।
भागते हुए का सीसीटीवी सामने आया था
जिस जगह शव मिला था उस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी में अरूण जान बचाकर भागते हुए नजर आया था। वह जान बचाने के लिए घटनास्थल से 100 मीटर दूर खाली प्लॉट में जाकर छिप गया। जहां खून बहने से रात में उसकी मौत हो गई। सुबह उसका शव मिला।
पुलिस हत्या ने हत्या का केस दर्ज कर जांच में जुटी। पुलिस ने परिजनों व अन्य लोगों के बयान लिए तो संदिग्ध उत्तम सोलंकी निवासी उज्जैन का नाम सामने आया। पुलिस का शक शुरू से उत्तम सोलंकी पर ही था। लेकिन यह उज्जैन में अपने घर से फरार था।
महिला मित्र से बात की तो मारा चाकू
एसपी अमित कुमार ने शुक्रवार को हत्या का खुलासा किया। एसपी ने बताया मृतक अरुण और उसका साथी उत्तम सोलंकी ने 28 मई की रात 10 बजे डोसी गांव स्थित शराब दुकान पर दोनों ने साथ में शराब पी। उसके बाद अरूण की बाइक से कालिका माता मंदिर गार्डन के सामने बनी चौपाटी पर आए। यहां पर दोनों के बीच में उत्तम सोलंकी की महिला मित्र को अरुण द्वारा फोन लगाने की बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद में उत्तम सोलंकी द्वारा अरुण को चाकू मारे गए। अरुण भागते हुए मित्र निवास कॉलोनी के खाली प्लाट पर जाकर छिप गया। इसके बाद उत्तम सोलंकी अरुण की बाइक लेकर फरार हो गया था।
बाइक से उज्जैन फिर ट्रेन से गया भोपाल
एसपी ने बताया घटना के बाद तत्काल पुलिस टीम को उज्जैन रवाना किया। आरोपी उत्तम की महिला मित्र एवं उत्तम के परिजनों से पूछताछ की। आरोपी की तलाश के लिए उज्जैन में उसके निवास व अन्य ठिकानों पर तलाश की। लेकिन वह नहीं मिला। मुखबिर तंत्र व सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपी उत्तम सोलंकी के भोपाल में होने की जानकारी मिली। पुलिस भोपाल पहुंची और उसे गिरफ्तार किया। आरोपी हत्या कर बाइक से पहले उज्जैन गया। वहां से वह ट्रेन से भोपाल चला गया।
गुस्सा आने पर नशे में की हत्या
एसपी कुमार ने बताया आरोपी उत्तम सोलंकी ने प्राथमिक पूछताछ पर बताया कि साथी अरुण सोलंकी द्वारा घटना वाली रात उसकी (उत्तम) की महिला मित्र को बिना उसके पूछे फोन लगाया था। उसी बात पर दोनो में विवाद हुआ। शराब के नशे में गुस्सा आने पर उत्तम सोलंकी ने अरुण असावरा को चाकू मारकर हत्या कर दी।
पहले रतलाम फिर उज्जैन रहने लगा
आरोपी उत्तम सोलंकी (20) पिता लक्ष्मण सोलंकी वर्तमान में उज्जैन के बागपुर, सिंधी कॉलोनी में रहता है। इसके पहले वह रतलाम में स्टेशन रोड थाना अंतर्गत खातीपुरा में रहता था। करीब दो साल पूर्व व उज्जैन में जाकर बस गया था। घटना वाले दिन ही वह रतलाम आया था। पूर्व में इसके खिलाफ स्टेशन रोड थाने पर कई केस दर्ज है।