इंदौर -
इंदौर में क्राइम ब्रांच की टीम ने एक युवक को 8 देशी पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। वह प्लास्टिक की बोरी में ये पिस्टल लेकर घूम रहा था। शहर में सप्लाई करने के लिए आया था। सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे पकड़ा और उसके पास से पिस्टल व अन्य सामान जब्त किया।
डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पकड़ाए युवक का नाम अशोक सुनाने (25) निवासी जिला बड़वानी को राऊ-राजेंद्र नगर पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया। टीम को मुखबीर से सूचना मिली थी। जिसके बाद युवक की शुक्रवार रात को घेराबंदी कर उसे पकड़ा।
आरोपी ने बाइक पर प्लास्टिक की बोरी में 8 पिस्टल छिपा रखे थे। उसके पास से पुलिस ने 8 पिस्टल मय मैगजीन, 2 जिंदा कारतूस और 1 बाइक जब्त की है। आरोपी बड़वानी से यहां पिस्टल की सप्लाई करने आया था। सप्लाई करने के पहले ही उसे क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ लिया। आरोपी पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ में पता चला कि वह बेरोजगार है और पूर्व में मजदूरी करता था। जल्दी पैसा कमाने की नीयत से प्लास्टिक की बोरी में अवैध हथियार लेकर शहर में तस्करी करने के इरादे से आया था। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी से पूछताछ कर जानकारी निकाल रही है कि वह ये अवैध हथियार कहां से लाया और किन-किन को सप्लाई करने वाला था।