नीमच 20 अप्रैल 2025, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा है, कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में जारी विकास प्रक्रिया से मध्यप्रदेश का परिदृश्य निरंतर बदल रहा है। स्कूल शिक्षा हो, पर्यटन हो या औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार सभी क्षेत्रों में प्रदेश प्रगति पथ पर अग्रसर है। सभी जिलों में विकास और जनकल्याण गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण विद्यमान है।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव नीमच जिले के रामपुरा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, पूर्व केंद्रीयमंत्री श्री सत्यनारायण जटिया सांसद श्री सुधीर गुप्ता, विधायक श्री अनिरुद्ध मारू, श्री दिलीप सिंह परिहार श्री हरदीप सिंह डंग पूर्व विधायक मंदसौर श्री यशपालसिह सिसोदिया, घुमक्कड़ अर्ध घुमक्कड़ विकास अभिकरण के अध्यक्ष श्री बाबूलाल बंजारा भी मंचासीन थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नीमच मंदसौर क्षेत्र राजस्थान का द्वार है, और रामपुरा का प्राकृतिक सौंदर्य अभिभूत करने वाला है। औषधीय वनस्पति की राजधानी नीमच- मंदसौर को चीता प्रोजेक्ट और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की पहल पर मध्यप्रदेश में चीतों का पुनर्वास आरंभ हुआ। गांधी सागर क्षेत्र में चीतों के आने से मंदसौर नीमच क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर निर्मित होंगे, गांवों में होमस्टे जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। स्थानीय व्यंजनों की पहचान वैश्विक स्तर पर बनेगी। इन सब गतिविधियों की ओर विश्व, आशा और जिज्ञासा से देख रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीमच और मनासा में छोटे ट्रैक्टरों को स्वच्छता रथ के रूप में विकसित करने की पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि औषधीय वनस्पतियों की खेती के लिए मंदसौर, नीमच राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है, इसके लिए यहां के किसान अभिनंदनीय हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि किसानों से 2600 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जा रहा है। यह किसानों की बेहतरी के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति है। प्रदेश निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है, इसी का परिणाम है कि वर्तमान में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1,53,280 रुपए है। यह प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में सबका साथ सबका विकास की भावना से चलने का परिणाम है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि गांधी सागर डैम का निर्माण 1960 में हुआ। जिसके कारण कई गांव डूबे, लेकिन डैम के आसपास के गांव को ना तो पानी लेने की सुविधा दी गई और ना ही सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई गई। राज्य सरकार ने गांधी सागर डैम के जल से सब ओर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। जनता की बेहतरी के हर संभव प्रयास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और रोजगार के अवसर निर्मित करने के लिए संभाग स्तर पर रीजनल इंडस्ट्री कांक्लेव का आयोजन किया गया। सरकार के प्रयासों से 12 प्रतिशत की तेज गति से औद्योगिक विकास दर चल रही है । भीलवाड़ा ग्रुप द्वारा डेढ़ सौ करोड़ लागत की नई वस्त्र निर्माण इकाई आरंभ की जा रही है, इससे 750 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। इसी प्रकार जावद में भी 2000 लोगों को रोजगार देने वाली औद्योगिक इकाई का भूमि पूजन संपन्न हुआ है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 20 अप्रैल को नीमच जिले के रामपुरा में 340 करोड़ की लागत के विभिन्न 14 विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमि पजन एव पांच निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने लगभग 37 करोड़ की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण और मनासा में 6 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से निर्मित 6 ट्रेड वाले आईटीआई भवन का लोकार्पण भी किया। मनासा में 9 करोड़ 36 लाख की लागत से निर्मित हॉस्टल और रेस्ट हाउस का लोकार्पण भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रामपुरा में भी रेस्ट हाउस बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने रामपुरा में नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण एवं रामपुरा नगर की सभी आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए 5 करोड़ रूपये की स्वीकृति घोषणा भी की। उन्होने कहा, कि रामपुरा में रेस्ट हाउस भी बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 150 करोड़ रुपए लागत से निर्मित स्वराज शूंटिंग्स के फेस 1 का लोकार्पण करते हुए कहा कि इससे कई लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने 424 करोड़ की लागत से पांच विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया। भाटखेड़ा नीमच होते हुए डूंगलावदा सड़क, 14 करोड़ की लागत से नए नर्सिंग कॉलेज और मानसा में एक करोड़ 59 लाख की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा एक करोड़ 23 लाख की लागत से शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में लैब और कमरों के निर्माण का भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने और 300 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले स्वराज शूंटिंग्स के फेस टू का भूमि पूजन किया इससे 600 से अधिक व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2025 को प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार वर्ष घोषित किया गया है। इसी क्रम में नीमच जिले में 450 करोड़ रुपए लागत से चरणबद्ध रूप से टेक्सटाइल परियोजना विकसित की जाएगी।
3 साल में 32 लाख किसानों को सोलर पंप देंगे
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि सरकार द्वारा आगामी 3 साल में प्रदेश के 32 लाख किसानों को सिंचाई सुविधा के लिए सोलर पंप दिए जाएंगे। जिससे उन्हें बिजली बिल से मुक्ति मिलेगी।
प्रदेश में रोजगार परक उद्योग स्थापित हो रहे हैं-मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में रोजगार परक उद्योग स्थापित हो रहे हैं प्रदेश में स्थापित हो रहे वस्त्र निर्माण, धागा निर्माण उद्योगों में प्रति श्रमिक ₹5000 प्रतिमाह सरकार संबंधित उद्योगों को देगी। इससे महिलाओं के रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि गांधी सागर के पानी से सिचाई से जिले का कोई भी गांव खेत वंचित नहीं रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्वच्छता रथ की ग्राम पंचायतों के सरपंचों को चाबियां प्रदान की। साथ ही विभिन्न विभिन्न हितग्राही मूलक स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप हित लाभ वितरित किए।
उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने अपने उदबोधन में कहा, कि गांधी सागर के पानी को किसानों के खेतों तक पहुचाने का काम प्रदेश सरकार ने किया है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछ गया है। उन्होने स्थानीय विधायक श्री मारू द्वारा की गई क्षेत्र की सभी मांगों को स्वीकृत करने का आगृह भी मुख्यमंत्री जी से किया। कार्यक्रम को सांसद श्री सुधीर गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सत्यनारायण जटिया, विधायक श्री दिलीप सिह परिहार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। विधायक श्री अनिरूद्ध मारू ने अपने स्वागत उदबोधन में मनासा क्षेत्र की विभिन्न मांगों को प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री जी से स्वीकृत करने का आगृह किया है।
प्रांरभ में मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यकम का शुभारंभ किया। तदपश्चात मंचासीन जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया। विधायक श्री मारू ने उन्हे भगवान श्रीनाथ जी की तस्वीर, अंग वस्त्रम भेट कर एवं साफा पहनाकर, बडे पुष्पहार से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के रामपुरा कार्यक्रम स्थल पर पहुचने पर जनजातिय लोक कलाकारों के 16 सदस्यीय दल ने पारंपरिक वेषभूषा में परंपरागत जनजातीय लोकनृत्य प्रस्तुत कर, मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने लोक कलाकारों से चर्चा कर, उनका उत्साहवर्धन किया और दल के प्रत्येक सदस्य को 5-5 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के रामपुरा कार्यक्रम स्थल पर वृहद प्रदर्शनी आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी के स्टॉल पर जाकर, अतिथियों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, नीमच नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चौपडा, श्रीमती वंदना खंडेलवाल, श्री महेंद्र भटनागर श्री पवन पाटीदार श्री हेमंत हरित एवं अन्य जनप्रतिनिधि, मनासा क्षेत्र की तीनों नगर पंचायतों के अध्यक्ष, हितग्राही एवं विशाल जन समुदाय उपस्थित था।