मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के गांव नाटाराम में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात जाट और पाटीदार समाज के दो पक्षों में विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। इस घटना में महिला समेत करीब 7 लोग घायल हुए हैं। तीन लोगों को गोली लगी है जिन्हें जिला अस्पताल मंदसौर में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रेम विवाह से जुड़ी पुरानी रंजिश जानकारी के मुताबिक जाट समाज के धारा सिंह ने करीब 6 साल पहले पाटीदार समाज की युवती सलोनी से प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में आए दिन तनाव बना रहता है। 21 जुलाई को कावड़ यात्रा के दौरान भी इसी वजह से विवाद हुआ था, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। गोलीबारी में तीन को पैर में लगी गोली विवाद के दौरान दोनों ओर से लाठी, धारदार हथियार और गोली का इस्तेमाल हुआ। तीन लोगों के पैर में गोली लगी। घायलों को पहले सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने 13 लोगों पर मामला दर्ज किया टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि विवाद में जाट समाज के 4 और पाटीदार समाज के 3 लोग घायल हुए हैं। घायलों में अरविंद पाटीदार, प्रदीप पाटीदार और दशरत जाट को गोली लगी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 13 लोगों- राधेश्याम, अशोक, भरत, मान सिंह, विशाल, महावीर, सूरज, श्यामलाल, घनश्याम, मोहन, जगदीश, राम और अरविंद पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। कुछ आरोपी पुलिस हिरासत में हैं।