नीमच | अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नीमच ग्रामीण परियोजना के सेक्टर बिसलवास कला अंतर्गत ग्राम बिसलवास कला में महिला सशक्तिकरण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी नीमच ग्रामीण, सेक्टर पर्यवेक्षक बी. माटी और वंदना गुरगेला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और बालिकाएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर पेंटिंग प्रतियोगिता, साइकिल रेस सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बेटियों को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर महिलाओं और अभिभावकों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं और बालिकाओं से शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में समान भागीदारी को बढ़ावा देने का संकल्प भी दिलाया गया