नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सतत अभियान के अंतर्गत, विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), एमपी यूनिट के अधिकारियों ने दिनांक 16.03.2026 को एक सफल कार्रवाई करते हुए 3.300 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। प्राप्त सूचना के अनुसार एक व्यक्ति मोटरसाइकिल (Hero Splendor Pro, रजिस्ट्रेशन नंबर RJ 09 SX 6100) से चिकरड़ा गांव क्षेत्र से अवैध अफीम लेकर मारवाड़ क्षेत्र के एक तस्कर को सप्लाई करने वाला था। इस सूचना के आधार पर नीमच तृतीय खंड से एक टीम का गठन कर दिनांक 16.03.2026 की दोपहर में रवाना किया गया। टीम द्वारा संदिग्ध मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी गई, जिसके दौरान संदिग्ध वाहन एवं व्यक्ति की पहचान कर उसे निम्बाहेड़ा-मंगलवाड़ रोड पर, गांव नपावली, तहसील भदेसर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के पास रोक लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर एक प्लास्टिक बैग में कुल 3.300 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात जब्त अफीम एवं मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर एक व्यक्ति को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा नशीले पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।