मंदसौर/नीमच | मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरोमध्यप्रदेश ईकाई (CBN) की प्रिवेंटिव एंड इंटेलिजेंस (पी एंड आई) सेल, मंदसौर ने एक सफल कार्रवाई करते हुए 144.830 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
विशिष्ट गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से डोडाचूरा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पी एंड आई सेल, मंदसौर के अधिकारियों की एक टीम गठित कर संदिग्ध मार्ग पर निगरानी स्थापित की गई।
दिनांक 05 जून 2026 को अधिकारियों ने ग्राम साम्या, तहसील मनासा, जिला नीमच स्थित साम्या बालाजी मंदिर चौराहा, नलवा-कुंडला रोड के निकट संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को चिन्हित कर रोका। तलाशी के दौरान ट्रॉली में रखे 08 प्लास्टिक कट्टों से कुल 144.830 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के पश्चात बरामद डोडाचूरा एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों प्रकरणों में आगे की जांच जारी है तथा मादक पदार्थों की आपूर्ति एवं तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा राष्ट्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अपने अभियान निरंतर जारी रखे हुए है।