*KHABAR : एसपी व्यास ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश पुलिस कंट्रोल रूम पर एनएसएसजी ने किया पौधारोपण, पढ़े MP44 NEWS खबर*

MP44 NEWS June 6, 2026, 9:13 pm Technology

नीमच। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर समस्या सुझाव ग्रुप (एनएसएसजी) द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रकृति में वृक्षों का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल करनी चाहिए, क्योंकि वृक्ष न केवल हमें शुद्ध प्राणवायु प्रदान करते हैं बल्कि बढ़ते तापमान और गर्मी के प्रभाव को कम करने में भी सहायक हैं। एसपी व्यास ने एनएसएसजी ग्रुप द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ दूसरों को भी प्रेरित करते हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। इस अवसर पर एनएसएसजी ग्रुप के एडमिन विवेक खण्डेलवाल सोनू ने कहा कि धरती, नदियां, तालाब, पेड़ और मिट्टी जैसे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि आगामी मानसून में शहर को अधिक से अधिक हराभरा बनाने के लिए व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। पूर्व में ग्रुप द्वारा पुलिस लाइन, सीआरपीएफ सुवाखेड़ा रेंज एवं औद्योगिक क्षेत्र में पौधारोपण किया गया था तथा इस वर्ष पुलिस कंट्रोल रूम में समाजसेवी मनोज दुआ के सहयोग से ट्री गार्ड सहित नीम एवं आम के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात समिति सदस्यों द्वारा पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया, रक्षित निरीक्षक विक्रमसिंह भदौरिया एवं सूबेदार सुरेश सिसोदिया का माल्यार्पण एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन सौरभ भट्ट द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर मनोज दुआ, प्रोफेसर एनके डबकरा, अशोक पोरवाल, संजय श्रीवास्तव, दिनेश मनावत, बीडी वैष्णव, घनश्याम सेठिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।

Related Post

window.OneSignal = window.OneSignal || []; OneSignal.push(function() { OneSignal.init({ appId: "6f6216f2-3608-4988-b216-8d496a752a67", }); });