नीमच | विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ ग्राम पंचायत देवझिरीपण्डा स्थित वन विभाग के कक्ष क्रमांक 408 में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। "प्रकृति की रक्षा हमारी जिम्मेदारी": मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे विश्व में पौधारोपण से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। "हमारे पूर्वज हमें समृद्ध प्राकृतिक विरासत सौंपकर गए हैं, इसे संरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है।" उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना है। उन्होंने नागरिकों से 21 जून तक निरंतर पौधारोपण कर उनके संरक्षण का आह्वान किया। साथ ही पिछले वर्षों में लगाए गए महुआ पौधों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। "जल, जंगल, जमीन की रक्षा का लें संकल्प": कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का अवसर है। "प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा प्रारंभ किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान धरती माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।" उन्होंने बताया कि देवझिरीपण्डा में ही लगभग 5 हजार पौधे लगाए जाएंगे तथा 21 जून तक जिले में एक लाख पौधारोपण का लक्ष्य है। पौधारोपण एवं संरक्षण की मॉनिटरिंग ‘मेरी लाइफ’ एप के माध्यम से की जाएगी। "प्रकृति माता के समान पूज्य": पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने कहा, कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को माता के रूप में पूजने की परंपरा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और नष्ट हो चुके संसाधनों की पुनर्स्थापना दोनों पर कार्य करना होगा। पौधारोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वन क्षेत्र बढ़ाने पर जोर: वनमण्डलाधिकारी भरत सोलंकी ने बताया कि 5 जून से 21 जून तक जिलेभर में व्यापक पौधारोपण होगा। कैम्पा योजना के अंतर्गत 15 अगस्त तक एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। जिले का वन क्षेत्र वर्तमान में लगभग 21 प्रतिशत है, जिसे राष्ट्रीय वन नीति के अनुरूप 33 प्रतिशत तक ले जाने के प्रयास किए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ: मंत्री भूरिया ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई। बड़ी संख्या में हुई सहभागिता: कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य बहादुर सिंह हटीला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्रसिंह चौहान, सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल, एसीईओ अक्षयसिंह मरकाम, एसडीएम झाबुआ महेश मण्डलोई, डिप्टी कलेक्टर्स, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, नवागत पुलिस आरक्षक, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे। सभी ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।