मंदसौर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सांसद सुधीर गुप्ता द्वारा जिले में विभिन्न जनसंपर्क एवं लाभार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से उनके घर पहुंचकर संवाद किया, वरिष्ठजनों का सम्मान किया तथा सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
इसी क्रम में नीमच विधानसभा के कुशाभाऊ ठाकरे मंडल अंतर्गत ग्राम झंझरवाड़ा एवं ग्राम चिताखेड़ा में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात नीमच विधानसभा के दक्षिण मंडल अंतर्गत ग्राम चेनपुरा डेम में भी लाभार्थियों के निवास स्थान पर पहुंचकर संवाद किया तथा केंद्र सरकार की योजनाओं से हुए सकारात्मक बदलावों पर चर्चा की।
सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम विश्वकर्मा योजना, मुद्रा योजना, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया एवं गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व पटल पर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार, आधुनिक रेलवे एवं सड़क नेटवर्क, डिजिटल सेवाओं का विस्तार, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय तथा युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने जैसे अनेक कार्य मोदी सरकार की उपलब्धियों में शामिल हैं।
इससे पूर्व सांसद सुधीर गुप्ता ने मंदसौर नगर स्थित भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचकर पार्टी के पदाधिकारयों और कार्यकर्ताओं के साथ पूजा-अर्चना की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन के साथ-साथ देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों का यह सफर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है तथा आने वाले समय में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, जिला मंत्री रोशन वर्मा,मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर, मंडल अध्यक्ष किशोरदास बैरागी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मेहरसिंह जाट सहित पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता और ग्रामवासी उपस्थित थे