नीमच | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की संवेदनशील पहल पर गम्भीर बीमारी से पीड़ित एक बालिका के उपचार हेतु भारतीय रेडक्रास सोसायटी, नीमच से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। प्रकरण का विवरण: वार्ड नं. 20, प्रतापनगर, ग्राम कनावटी निवासी आवेदक किशनलाल पिता लालाराम गाड़िया लोहार ने कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था कि उनकी पोती संजना पिता मोहन गाड़िया लोहार विगत डेढ़ माह पूर्व अत्यंत गंभीर अवस्था में पैसिफिक मेडिकल कॉलेज, उदयपुर में उपचारत है। आर्थिक तंगी में करवा रहे थे इलाज: आवेदक ने बताया, कि पीड़ित के पिता द्वारा कर्ज लेकर उपचार करवाया जा रहा है, जिससे परिवार आर्थिक संकट में है। कलेक्टर के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई: कलेक्टर चंद्रा द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में रेडक्रास सोसायटी नीमच द्वारा बालिका के उपचार हेतु एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक तैयार कर प्रदान किया गया है। भारतीय रेडक्रास सोसायटी, शाखा नीमच की प्रभारी अधिकारी अंकिता पंड्या ने जानकारी देते हुए बताया, कि जिला प्रशासन द्वारा गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद परिवारों को रेडक्रास एवं अन्य शासकीय योजनाओं से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।