मंदसौर। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026 को लेकर मंदसौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता ने इसे राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने वाला साबित होगा। मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 का बजट पेश करते हुए किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं को केंद्र में रखा है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क-इन्फ्रास्ट्रक्चर, उद्योग और रोजगार को दी गई प्राथमिकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए किए गए प्रावधान प्रदेश को नई गति देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बजट में महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को मजबूती देने से अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचेगा। लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिससे प्रदेश की करोड़ों महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और शिक्षा क्षेत्र में निवेश से भविष्य की पीढ़ी को बेहतर अवसर मिलेंगे। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 7 लाख 95 हजार विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें। वहीं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सरदार पटेल कोचिंग योजना के अंतर्गत 4 हजार विद्यार्थियों को लाभ देने का लक्ष्य तय किया गया है। 3000 करोड़ रुपए की लागत से किसानों को 1 लाख सोलर पंप उपलब्ध कराए जाएंगे प् कृषक उन्नति योजना की घोषणा की गई है, जिसके अंतर्गत किसानों को विशेष प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया गया है।श्रम विभाग के लिए 1335 करोड़, 11,277 जनजातीय गांवों के विकास, ग्रामीण कनेक्टिविटी, छात्रवृत्ति योजनाओं और महिला कल्याण के लिए 1.27 लाख करोड़ से अधिक के प्रावधान की घोषणा की। वहीं, जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लिए 21 लाख 42 हजार हेक्टेयर क्षेत्र पंजीकृत किया गया है। सांसद सुधीर गुप्ता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बजट 2026 “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार करता है और आने वाले वर्षों में मध्य प्रदेश को प्रगति के नए शिखर पर ले जाएगा।