नीमच | आगामी त्यौहारों के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति को और मजबूत एवं सुदृढ बनाने के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जिले के सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेटो एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित की गई। बैठक में फरवरी से जून 2026 माह तक के सभी त्यौहारों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, एडीएम बी.एस.कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एन.एस.सिसोदिया, सभी एसडीएम, एसडीओपी, सीएसपी नीमच सहित सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर चंद्रा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए, कि सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं थाना प्रभारी संयुक्त रूप से अपने क्षेत्र का भ्रमण, पेट्रालिंग, फ्लेग मार्च कर अपने-अपने क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखे और सूचना तंत्र को मजबूत बनाए। स्थानीय रहवासियों से संपर्क संवाद कर क्षेत्र में निगरानी रखे। बैठक में निर्देश दिए, कि सभी अधिकारी थाना स्तर पर शांति समिति की बैठके आयेाजित कर लें और सुनिश्चित करे, कि मुख्य चौराहों, मार्गो पर और बिजली के तारों के नीचे होलिका दहल स्थल का चयन ना हो, जिससे कि यातायात बाधित ना हो और आमजनों को कोई असुविधा ना हो। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय संवाद के साथ फिल्ड भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होने निर्देश दिए, कि फिल्ड अधिकारियों से सभी प्रकार की सूचनाएं वरिष्ठ स्तर पर तत्काल पहुचे और सूचनाओं पर मैदानी अधिकारी त्वरित कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा, कि सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट स्थानीय निकायों से त्यौहारों पर आवश्यकतानुसार प्रकाश, बेरिकेंटिग्स, पब्लिक अनाउंस सिस्टम आदि की व्यवस्थाए सुनिश्चित करवाएं। बैठक में सभी विभागों को परम्परानुसार त्यौहारों पर सभी आवश्यक प्रबंध व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल नेआदतन अपराधियों के विरूद्ध बाउण्ड ओव्हर की कार्यवाही करवाने के निर्देश थाना प्रभारियोंको दिए गये। साथ ही निगरानी शुदा व्यक्तियों की थाने में प्रतिदिन हाजरी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए है। एसपी ने कहा कि त्यौहारों पर जुलूस, अखाडों में ड्रोन कैमरे की व्यवस्था की जाए तथा विशेष टीम लगाकर निगरानी की जाए उन्होंने सभी थाना प्रभारी को जुलूस मार्गों का रूट का भ्रमण करने, सीसीटीवी की व्यवस्था देखने और यदि कहीं सीसीटीवी नहीं लगे हैं खराब है तो उन्हें दुरुस्त करवाने नए सीसीटीवी लगाने के निर्देश भी दिए। एस.पी.ने निर्देश दिए की थाना प्रभारी क्षेत्र का भ्रमण कर यह देख ले, कि तारों के नीचे प्रमुख चौराहे पर होली का दहन स्थल ना रहे यदि कहीं ऐसा है, तो आयोजकों से चर्चा कर जन सुविधा को देखते हुए उपयुक्त स्थान पर होलिका दहन की व्यवस्था करवाए। उन्होंने सभी मैदानी अधिकारियों को आगामी त्यौहारों को देखते हुए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।