रतनगढ़। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वान पर रतनगढ़ ब्लॉक में संगठनात्मक बैठक और “चलो पंचायत-चलो पंचायत” ग्राम चौपाल अभियान का आगाज़ जोरदार तरीके से किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मन्नू बना (जिला अध्यक्ष, नीमच) ने किया। स्थानीय डाक बंगले पर आयोजित बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं जिला प्रभारी विनोद पाटीदार के मार्गदर्शन में युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने रणनीति बनाई। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। भाजपा नीतियों पर सीधा प्रहार बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों को युवाओं और किसानों के खिलाफ बताया। मनरेगा को लेकर सरकार की कथित योजना का विरोध करने और युवाओं को संगठित होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान किया गया। जिला अध्यक्ष मन्नू बना ने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का आह्वान किया। गांव-गांव चौपाल, समस्याओं पर संवाद बैठक के बाद ग्राम पंचायत लोहारिया से चौपाल अभियान की शुरुआत हुई। इसके बाद गरवाड़ा और देहपुर में भी चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया गया। ग्रामीणों ने रोजगार, किसान मुद्दों और मनरेगा को लेकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में ब्लॉक एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।