ग्राम टामोटी में लगेगी रात्रि चौपाल, मौके पर होगा समस्याओं का निराकरण ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित रात्रि चौपाल हेतु मंगलवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर नीमच से अधिकारियों के वाहन को हरी झंडी दिखाकर ग्राम टामोटी के लिए रवाना किया। अधिकारियों का दल रवाना: कलेक्टर हिमांशु चंद्रा स्वयं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश एवं वन मंडल अधिकारी एस.के. ऑटोदे के साथ इसी यात्री वाहन से जिलाधिकारियों के दल के साथ रात्रि चौपाल के लिए रवाना हुए। रात्रि चौपाल का उद्देश्य: ग्राम टामोटी में आयोजित रात्रि चौपाल में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे तथा मौके पर ही निराकरण की कार्रवाई करेंगे। साथ ही शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं, कि रात्रि चौपाल में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता रखी जाए।