KHABAR :संबंधित ठेकेदार की भारी लापरवाही उजागर, हो सकता है हादसा-हरगोविंद दीवान जैन समाज व ग्वाला समाज का आयोजन सड़क की वजह से होगा प्रभावित, पढ़े MP44 NEWS खबर

MP44 NEWS April 17, 2026, 11:25 am Technology

नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच के वार्ड क्रमांक 9 ग्वालटोली के पार्षद हरगोविंद दीवान ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि शहर के मध्य से होकर गुजर रहे महू- नसीराबाद हाईवे रोड पर भाटखेड़ा से लेकर डुंगलावदा तक सिटी फोर लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इस मार्ग के निर्माण में संबंधित ठेकेदार द्वारा सभी निर्धारित नियम कानून को बलाय ताक में रखकर भारी लापरवाही के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है। जो शहर में कभी भी बड़े गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। शहरी क्षेत्र में तो निर्माण कार्य बेहद कछुआ गति से चल रहा है, जो शहर वासियों के लिए भारी परेशानी का सबब बन गया है। संबंधित ठेकेदार की मनमानी चल रही है और जिला प्रशासन पूरी तरह से मूकदर्शक बनकर बैठा है। दीवान ने बताया कि शोरूम चौराहे से लेकर ग्वालटोली नाका चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे तक पहुंचने वाले इस मार्ग को संबंधित ठेकेदार द्वारा पूरी तरह से खोद कर पटक दिया है। बीच-बीच में निर्माण कार्य चल रहा है और वह भी कई दिनों से बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में इस निर्माणाधीन मार्ग पर सबसे ज्यादा परेशानी ग्वालटोली क्षेत्र के आसपास आम जनता को आ रही है। ऊंची नीची सड़क, जगह जगह पड़ी निर्माण सामग्री व मिट्टी के ढेर के कारण लोगों का आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। ऊपर से दिन भर चलने वाले वाहनों की वजह से इतनी अधिक मात्रा में धूल उड़ रही है कि यहां लोगों का सांस लेना तक दुश्वार हो गया है। संबंधित ठेकेदार को बार-बार अवगत कराने के बाद भी निर्माण कार्य में गति नहीं आ रही है और ना ही किसी नियम कानून का पालन हो रहा है। निर्माणाधीन सड़क पर पानी का छिड़काव भी नहीं हो रहा है जिससे दिनभर धूल के गुब्बारे उड़ते रहते हैं। पार्षद हरगोविंद दीवान ने बताया कि जहां एक और स्पेनटा पेट्रोल पंप के समीप जैन समाज के मंदिर पर बड़ा कार्यक्रम होना है, वहीं आखा तीज पर ग्वालटोली क्षेत्र में ग्वाला समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन भव्य स्तर पर आयोजित होगा। साथ ही कई घरों में मांगलिक कार्यक्रम होना है। ऐसे में मुख्य मार्ग की उबड खाबड़ स्थिति सभी को अच्छा खासा परेशान किए हुए हैं। अव्यवस्थाओं के साथ चल रहे निर्माण कार्य के कारण इन कार्यक्रमों में सभी को कई परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। संबंधित ठेकेदार एवं जिला प्रशासन की अनदेखी के कारण इस निर्माणाधीन मार्ग पर परेशान हो रहे क्षेत्र वासियों में आक्रोश पनपता जा रहा है। दीवान ने कहां की अगर शीघ्र ही सड़क के निर्माण कार्य में तेजी नहीं आई तो आम जनता विरोध स्वरूप सड़क पर भी उतार सकती है।

Related Post

window.OneSignal = window.OneSignal || []; OneSignal.push(function() { OneSignal.init({ appId: "6f6216f2-3608-4988-b216-8d496a752a67", }); });