मंदसौर जिले में जल्द ही एनसीसी (NCC) ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना की जाएगी। बुधवार शाम उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने इस प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। वर्तमान में मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ एनसीसी डायरेक्टरेट द्वारा प्रोजेक्ट की विस्तृत रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। बुधवार को उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के साथ सैन्य अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ एनसीसी के एडीजी मेजर जनरल जे.पी. सिंह, ब्रिगेडियर संजीव कुमार और 5 मध्य प्रदेश एनसीसी बटालियन (मंदसौर) के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ज्योति प्रकाश उपस्थित थे। अधिकारियों ने मंदसौर में प्रस्तावित ट्रेनिंग सेंटर की विस्तृत रूपरेखा, आवश्यकता और संभावनाओं पर चर्चा की। इसके बाद डिप्टी सीएम ने इसे सैद्धांतिक सहमति देते हुए प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। मंदसौर में प्रस्तावित इस एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर के बनने से इंदौर और उज्जैन संभाग के युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा। इससे युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा, जिससे उन्हें सेना, पुलिस और अन्य सरकारी सेवाओं में करियर बनाने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यह पहल क्षेत्र के युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना से जुड़ने का मौका भी प्रदान करेगी।