मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दंपति और उनका मासूम पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सगजपुरा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर से हुआ। जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय सत्यनारायण चंद्रवंशी अपनी 20 वर्षीय पत्नी पूजा और डेढ़ वर्षीय पुत्र विवेक के साथ नाथ खजूरी गांव से विक्रमगढ़ आलोट जा रहे थे। इसी दौरान सगजपुरा के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सत्यनारायण के दोनों हाथों और पैर में चोटें आईं। उनकी पत्नी पूजा का हाथ फ्रैक्चर हो गया। मासूम विवेक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, उसका हाथ भी फ्रैक्चर बताया जा रहा है। टक्कर मारने वाला दूसरा मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गया। घायलों को तत्काल मंदसौर जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां तीनों का इलाज जारी है। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।