जीरन। नगर परिषद के विशेष सम्मेलन में भाजपा पार्षद दल ने एकजुटता दिखाते हुए जनता के हित में बड़ा फैसला लिया है। परिषद द्वारा नगर के सामुदायिक मांगलिक भवनों के किराए में वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे भाजपा पार्षदों ने सिरे से खारिज कर दिया। भाजपा पार्षदों ने कहा कि पिछले वर्ष ही मांगलिक भवन का किराया बढ़ाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा पार्षद दल ने बैठक शुरू होने से पहले ही एक संयुक्त हस्ताक्षर पत्र परिषद को सौंपा। पार्षदों का कहना था कि ये भवन आम जनता के पारिवारिक आयोजनों का केंद्र हैं, अतः उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना अनुचित है। हालांकि, भवनों के रख-रखाव को देखते हुए प्री-बुकिंग पर जमा होने वाली सुरक्षा निधि को 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये करने का निर्णय लिया गया है। परिषद ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी वित्तीय वर्ष में नगर में कोई भी नया कर (टैक्स) नहीं लगाया जाएगा।