मंदसौर जिले के नई आबादी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उदपुरा में सोमवार रात 35 वर्षीय ट्रैक्टर चालक विकास प्रताप (पिता बापूलाल मीणा) ने पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। शराब के नशे में घर में विवाद और तोड़फोड़ करने के बाद उसने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में ट्रैक्टर ट्रॉली में डालकर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वर्तमान में नई आबादी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, मृतक विकास मीणा लंबे समय से शराब का आदी था। सोमवार रात भी वह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा था। इसके बाद उसने घर में तोड़फोड़ करना और विवाद करना शुरू कर दिया। परिजनों ने बताया कि वह आए दिन इसी तरह शराब पीकर विवाद और तोड़फोड़ करता था। विवाद करने के कुछ देर बाद विकास ने कमरे में जाकर अपनी पत्नी की साड़ी से फंदा बनाया और छत के पंखे से लटक गया। जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने उसे फंदे से नीचे उतारा और तुरंत ट्रैक्टर की ट्रॉली में डालकर अस्पताल लेकर भागे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर नई आबादी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम किया। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।