नीमच। IPL सीजन के साथ जिले में सट्टे का अवैध कारोबार फिर से सक्रिय हो गया है। हाल ही में कैंट थाना और मनासा क्षेत्र में हुई पुलिस कार्रवाई के बावजूद नेटवर्क के पूरी तरह खत्म होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। इस बीच सट्टे के इस नेटवर्क में “गोवा कनेक्शन” सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है। सूत्रों के अनुसार, नीमच के कृष्णा नगर क्षेत्र से जुड़े पवन खंडेलवाल का नाम इस नेटवर्क में सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि वह गोवा से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए IPL सट्टा संचालित कर रहा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जानकारी यह भी सामने आई है कि जिले के कई युवा इस नेटवर्क से जुड़ चुके हैं और डिजिटल माध्यम से सट्टे में शामिल हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर गोवा से जुड़े पोस्ट और गतिविधियां इस कनेक्शन की ओर इशारा कर रही हैं। सूत्रों का कहना है कि यदि साइबर सेल मोबाइल लोकेशन, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और डिजिटल प्लेटफॉर्म की गहराई से जांच करे, तो इस पूरे नेटवर्क का बड़ा खुलासा हो सकता है। फिलहाल, सबसे चिंता की बात यह है कि इस अवैध कारोबार में युवाओं की भागीदारी बढ़ रही है, जिससे उनका भविष्य दांव पर लग रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस इस “गोवा कनेक्शन” तक पहुंच पाती है या फिर सट्टे का यह नेटवर्क यूं ही संचालित होता रहेगा।