नीमच। जिले के होनहार पैरा तैराक भव्यादित्य सिंह चंद्रपाल सिंह राठौर आगामी पैरा एक्वेटिक नेशनल चैंपियनशिप, बेंगलुरु में भाग लेने के लिए रवाना हो गए हैं। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वे मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। भव्यादित्य प्रतियोगिता में 50 मीटर बैकस्ट्रोक, 100 मीटर बैकस्ट्रोक एवं 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनके चयन से जिले के खेल जगत में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है। भव्यादित्य की इस उपलब्धि के पीछे उनके मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी तथा मोटिवेटर राकेश कोठारी का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं प्रेरणा रही है। वहीं उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में कोच आयुष गौड़, निलेश घावरी, सुधा सोलंकी, समीर सिंह जादौन, अभिषेक अहीर एवं रोहित अहीर का विशेष योगदान रहा है। बेंगलुरु रवाना होने से पूर्व परिजनों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। सभी को विश्वास है कि वे अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन से नीमच एवं मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे। भव्यादित्य सिंह राठौर की यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह सिद्ध करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है।