नीमच। 28 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे माउंट जीयून स्कूल परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गाय अचानक कुएं में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल संचालक एवं स्टाफ द्वारा तत्काल गौ सेवा दल के सदस्यों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही गौ सेवक मौके पर पहुंचे और गाय को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तत्काल निजी क्रेन और जेसीबी की व्यवस्था की गई। कुएं के आसपास की जमीन कमजोर होने के कारण पहले जेसीबी की मदद से जगह को समतल और सुरक्षित किया गया। इसके बाद क्रेन के सहारे गौ सेवक कुएं में उतरे और करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस रेस्क्यू अभियान में जीतू दीवान, सोनू ठाकुर, सचिन ग्वाल, कुश सैनी, सौरभ यादव, पार्थ जोशी, दुर्गा शंकर जी धनगर, सोहेल, मैसी सर सहित स्कूल स्टाफ और अन्य साथियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। गौ सेवा दल एवं स्कूल स्टाफ ने रेस्क्यू अभियान में सहयोग करने वाले सभी साथियों का आभार व्यक्त किया।