रतलाम -
रतलाम में सड़क पर बाइक से जा रहे पति-पत्नी को रोककर चार लोगों ने हमला किया। चाकू मारने की वजह से पति की हत्या हो गई। मामला पुराने विवाद से जुड़ा है। घायल अवस्था में पति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान रविवार रात पति की मौत हो गई। आज उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मृतक का नाम अमजद शेख (40) पिता इस्माइल शेख है, वह राजेंद्र नगर में रहता था। अमजद शेख रविवार दोपहर करीब 3.30 बजे पत्नी राहत बी के साथ घर से अरिहंत परिसर जा रहा था।
घर से कुछ ही दूरी पर निकले थे कि राजा घोषी निवासी मराठों का वास, हाशिम निवासी राजेंद्र नगर, गट्ट हांडू निवासी राजेंद्र नगर, व अमन घोषी निवासी मराठो का वास ने मिलकर रास्ता रोक लिया। पुराने विवाद की रंजिश को लेकर फिर से विवाद कर मारपीट करने लगे। अमजद को बाइक से गिरा दिया। फिर चाकू से शरीर पर अलग-अलग जगह हमला कर दिया।
पत्नी चिल्लाई लेकिन आसपास के लोगों के आने पर चारों वहां से भाग गए। घायल अवस्था में पति को ऑटो में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे शाम को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। रात में वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। रात करीब 9 बजे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर रात में पुलिस जिला अस्पताल पहुंची।
आज होगा पीएम
सोमवार सुबह पीएम होगा। दोपहर में चाकूबाजी की घटना के बाद पत्नी राहत बी की रिपोर्ट पर थाना डीडी नगर ने उक्त चारों के खिलाफ धारा 126(2), 296, 109, 3(5) BNS में केस दर्ज किया था। रात को मौत के बाद पुलिस ने हत्या की धारा बढ़ा दी है।
तीन को किया अरेस्ट
थाना अंतर्गत हाट की चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर मुकेश सस्तिया ने बताया पुराने विवाद को लेकर चाकू से हमला किया है। आरोपी राजा घोषी पिता सलिम घोषी, गट्ट व हाशिम पिता फिरोज उर्फ हांडू निवासी राजेंद्र नगर को गिरफ्तार कर लिया है। अमन घोषी की तलाश की जा रही है। चारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दावत में हुआ था विवाद
14 जून की रात डीडी नगर थाना अंतर्गत राजेंद्र नगर में दावत के दौरान रिश्तेदारों के दो पक्षों में चाकूबाजी की घटना हो गई थी। उस विवाद में उक्त सभी शामिल थे। दोनों पक्षों को चाकू लगने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। उसी विवाद को लेकर फिर से विवाद हुआ और चाकू से हमला किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।