इंदौर - इंदौर में 20 मई को राजवाड़ा पर होने वाली कैबिनेट बैठक की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। आज शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित मंत्रीगण इंदौर आएंगे। मुख्यमंत्री शाम 6.30 बजे इंदौर पहुंचेंगे और राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर सभागृह जाएंगे। वहां मां अहिल्या के जीवन प्रसंग पर आधारित नाट्य मंचन देखेंगे। फिर रात को सराफा चौपाटी जाकर व्यंजनों का लुत्फ उठाएंगे।
बैठक को लेकर आज से ही राजवाड़ा क्षेत्र में काफी कसावट की जा रही है। उधर, सराफा चौपाटी में मेहमानों के लिए व्यंजन तो रहेंगे ही, गोपाल मंदिर वाली गली में पारंपरिक व्यंजनों के 25 स्टॉल भी लगेंगे। यहां पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। उधर, राजवाड़ा के गणेश हॉल को सजाया संवारा जा रहा है। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री परिषद के सदस्य मौजूद रहेंगे।
राजवाड़ा के बाहर मुख्य द्वार के लेफ्ट साइड वाले ओटले पर अधिकारियों के बैठने के लिए एक डोम बनाया है। कैबिनेट की बैठक के लिए ऐतिहासिक होलकर कालीन राजवाड़ा की सुंदरता को और निखारा जा रहा है। बैठक से पहले मुख्यमंत्री और मंत्री राजवाड़ा के अहिल्या उद्यान में अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जाएंगे। इसके लिए राजवाड़ा और इसके बाहर अहिल्या उद्यान को नगर निगम द्वारा आकर्षक रूप में सजाया और संवारा जा रहा है। पत्थरों और मूर्तियां पर पॉलिश की जा रही है। अधिकारी लगातार राजवाड़ा और उद्यान का दौरा कर रहे हैं। बारिश के मद्देनजर भी व्यवस्थाएं जुटाने के लिए कहा गया है।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुताबिक बैठक के माध्यम से हमें महिला सशक्तिकरण का संदेश तो देना ही है, इसके साथ ही इंदौर और मालवा की विशेषताएं भी दिखें, इस पर भी फोकस है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट बैठक होलकर कालीन परंपरा के अनुसार हो, इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मार्गदर्शन लिया जा रहा है।
दरअसल आजादी के बाद पहली बार राजवाड़ा के दरबार हाल में 20 मई को राज्य सरकार के लोकतंत्र का दरबार सजेगा। इसके पूर्व 1945 में इस राजवाड़ा दरबार हाल में होलकर राजाओं का अंतिम बार दरबार सजा था। पहले इसी हाल में आयोजित दरबार में होलकर सरकार के निर्णय लिए जाते थे।
सीएम के आने से पहले महापौर ने किया चिड़ियाघर का दौरा
कैबिनेट की प्रस्तावित इंदौर यात्रा के मद्देनजर महापौर पुष्य मित्र भार्गव ने संबंधित कार्यक्रम स्थलों का अंतिम निरीक्षण शुरू किया है। सीएम डॉ. मोहन यादव और संपूर्ण कैबिनेट इंदौर स्थित चिड़ियाघर का भी भ्रमण करेंगे। महापौर भार्गव ने एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर प्राणी संग्रहालय की तैयारियों का जायजा लिया।
महापौर भार्गव ने बताया कि सीएम डॉ. मोहन यादव का वन्यजीवों के प्रति प्रेम सर्वविदित है और वे सदैव इनके संरक्षण को लेकर संवेदनशील रहे हैं। इसी भावना के अंतर्गत वे कल संपूर्ण कैबिनेट के साथ वन्यप्राणी संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। उन्होंने बताया कि सीएम इंदौर के वन्यजीव प्रेमियों के लिए विशेष रूप से 'किंग कोबरा' को संग्रहालय में लाने की सौगात देने जा रहे हैं। चिड़ियाघर में आगामी समय में 14-डी थिएटर एवं फिश एक्वेरियम की भी शुरुआत की जाएगी।