भोपाल -
इंदिरा गांधी की सरकार द्वारा साल 1975 में लगाए गए आपातकाल को 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इमरजेंसी की अर्द्ध शताब्दी पर बीजेपी ने इसे ‘संविधान हत्या दिवस’ के तौर पर मनाया। भोपाल में आज बीजेपी महिला मोर्चा द्वारा आपातकाल पर महिला संसद का आयोजन किया जाएगा।
बीजेपी की महिला मंत्री, विधायक और सांसद होंगी शामिल
सुबह 11 बजे से भोपाल के भानपुर स्थित पीपुल्स मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में महिला संसद का आयोजन होगा। इस मॉक पार्लियामेंट में मप्र सरकार की महिला मंत्री, विधायक और महिला सांसद शामिल होंगी। केन्द्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर भी इस महिला संसद में भाग लेंगी।
सीएम और प्रदेश अध्यक्ष भी जाएंगे
महिला संसद के कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। बीजेपी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी इस मॉक पार्लियामेंट में भाग लेंगे।
महिलाओं की कैबिनेट बनेगी
पीपुल्स मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में होने वाली महिला संसद में बीजेपी की महिला नेत्रियां ही प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और पूरी केन्द्रीय कैबिनेट के सदस्यों की भूमिका में नजर आएंगी। महिला संसद सदस्य आपातकाल के कड़वे अनुभवों को साझा करेंगी।