इंदौर - इंदौर में आज सीएम डॉ. मोहन यादव तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। बुधवार को राजबाड़ा से गांधी हॉल तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें सीएम यादव शाम 4 बजे शामिल होंगे। यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई है। यात्रा देशभक्ति को समर्पित ऑपरेशन सिंदूर के बाद ऑपरेशन महादेव की सफलता पर भारत की सेना के सम्मान में निकाली जा रही है।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि यात्रा में भाजपा संगठन के सभी 35 मंडलों के कार्यकर्ता, सभी मोर्चे प्रकोष्ठ, सामाजिक संस्थाएं, खेल एवं व्यापारी संगठन, युवा, महिला और औद्योगिक संगठन देशभक्ति के नारों के साथ भाग लेंगे। बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार मंच लगाए जाएंगे। सभी मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में विधानसभाओं से तिरंगा यात्रा राजबाड़ा पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। भाजपा द्वारा निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के मार्ग पर छोटे-बड़े लगभग 100 से अधिक मंच लगाए जाएंगे।
किसका कहा लगेगा मंच, जिम्मेदारी तय
इंदौर बीजेपी सह मीडिया प्रभारी नितिन द्विवेदी ने बताया कि मंचों के स्वागत की जिम्मेदारी विधानसभा क्षेत्रों को दी गई है। राजबाड़ा से पोरवाल ड्रेसेस तक विधानसभा-3, पोरवाल ड्रेसेस से श्रीकृष्ण टॉकीज तक राऊ विधानसभा, श्रीकृष्ण टॉकीज से जेल रोड तक विधानसभा-2, जेल रोड से कोठारी मार्केट तक विधानसभा-1, कोठारी मार्केट से प्रेस क्लब तक विधानसभा-5, प्रेस क्लब से गांधी हॉल तक विधानसभा-4 के नेताओं के मंच लगेंगे, जहां से मुख्यमंत्री सहित पूरी तिरंगा यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
महिला मोर्चा भगवा साड़ी में होगी सम्मिलित
यात्रा में जैन समाज अपने बैंड के साथ, वहीं सिख, मुस्लिम, बोहरा, राठौर, ब्राह्मण सहित विभिन्न समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। महिला मंडल विशेष ड्रेसकोड के साथ देशभक्ति के गीत व नारों के बीच यात्रा में सहभागिता निभाएंगे। यात्रा में विभिन्न व्यापारिक संगठन भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। विशेष रूप से भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं भगवा साड़ी में सम्मिलित होगी। वहीं यात्रा के दौरान ब्रास बैंड और संगीत मंडली देश भक्ति के तराने प्रस्तुत करेगी।
रथ में सीएम के साथ रहेंगे जनप्रतिनिधी
तिरंगा यात्रा में तिरंगे से सजे रथ पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, महेंद्र हडिया, मधु वर्मा, मनोज पटेल के साथ ही भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार सहित प्रमुख भाजपा नेता हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल होंगे।
पुलिस का बैंड भी रहेगा शामिल
विभिन्न समाजजन और व्यापारिक संगठन अपने-अपने बैनर लेकर यात्रा में शामिल होंगे। स्काउट, एनसीसी कैडेड्स भी इसमें शामिल होंगे। राजकमल का ब्रॉस बैंड के साथ ही, पुलिस का बैंड, डीजे के गाड़ियां, ढोल पथक के साथ ही मुस्लिम समाजजन भी इसमें शामिल होगा। बोहरा समाज और जैन समाजजन भी अपने-अपने बैंड के साथ शामिल होंगे।
3 साल पहले पूर्व सीएम चौहान ने निकाली थी तिरंगा यात्रा
इंदौर में तीन साल पहले यानी 12 अगस्त 2022 को पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए थे। यात्रा में शामिल होने के दौरान उन्होंने कहा था कि मैं इंदौर को प्रणाम करता हूं। यह अद्भुत शहर है। आज मैंने आजादी के अमृत महोत्सव पर निकली तिरंगा यात्रा में शहर की सड़कों पर जनता का सैलाब देखा, जिनके हाथ में तिरंगा, होठों पर भारत मां की जय का नारा और दिल में देशभक्ति का संकल्प था। आज देश के लिए मरने की नहीं जीने की जरूरत है। देश के लिए कुछ करने की जरूरत है। हर घर तिरंगा फहराना है। इस अभियान से कोई ना छूटे।