नीमच। श्री सांवरिया भक्त मंडल के तत्वावधान में श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत दो दिवसीय पैदल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पदयात्रा 4 फरवरी को सुबह 8.30 बजे नीमच से प्रारंभ होकर सांवरिया सेठ धाम मंडफिया तक पहुंचेगी। पदयात्रा को अंतिम रूप देने एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से कल सोमवार दोपहर 4.30 बजे श्री किलेश्वर महादेव मंदिर में एक विशेष बैठक आयोजित की गई है। बैठक में यात्रा मार्ग, ठहराव, भोजन, जल सेवा, चिकित्सा सहायता एवं भजन संध्या सहित विभिन्न सेवाओं
को लेकर चर्चा की जाएगी। यात्रा के दौरान नीमच व निम्बाहेड़ा क्षेत्र में सेवा देने वाले सेवादारों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। आयोजन मंडल ने सांवरिया सेठ के प्रति आस्था रखने वाले सभी श्रद्धालुओं व सेवा देने के इच्छुक सेवादारों से बैठक में उपस्थित होकर सहयोग करने का आग्रह किया है। आयोजकों के अनुसार यह पदयात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगी, बल्कि आपसी सहयोग, सेवा और भक्ति भाव को भी सशक्त करेगी। जय सांवरिया सेठ के जयघोष के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है