नीमच। अपनी बुलंद आवाज और राजस्थानी लोक भजनों के लिए प्रसिद्ध गायक छोटू सिंह रावणा नीमच पहुंचे। सांवरिया सेठ के दरबार में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम से पूर्व संध्या पर उन्होंने मीडिया से विशेष चर्चा की और नीमच की जनता के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
मीडिया से बात करते हुए छोटू सिंह रावणा ने कहा कि नीमच से उन्हें हमेशा बहुत प्यार मिला है। उन्होंने बताया खाटू श्याम जी के सत्संग के लिए तो मैं कई बार नीमच आया हूँ लेकिन सांवरिया सेठ के दरबार में पहली बार आने का सौभाग्य मिल रहा है। नीमच की धरा बहुत ही धार्मिक है और यहाँ के लोगों का उत्साह देखते ही बनता है।
यात्रा के आयोजक समाजसेवी अशोक अरोरा की प्रशंसा करते हुए रावणा ने कहा कि धर्म के लिए समय और संसाधन समर्पित करना सराहनीय है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की चर्चा इतनी व्यापक है कि महाकाल (उज्जैन) के पुजारी भी इस यात्रा का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं।
छोटू सिंह रावणा ने नीमच और आसपास के क्षेत्र के लोगों को इस सत्संग में शामिल होने का खुला आमंत्रण दिया। आज नीमच और कल निम्बाहेड़ा में सांवरिया सेठ के भजनों की गंगा बहेगी। युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में इस भक्तिमय उत्सव का आनंद लेंगे और पूरा क्षेत्र सांवरिया के रंग में रंगा नजर आएगा।
