नीमच। आस्था और श्रद्धा का विशाल संगम एक बार फिर देखने को मिलेगा, जब श्री सांवरिया सेठ दरबार मंडफिया तक वार्षिक पैदल यात्रा आगामी 4 फरवरी को सुबह 8:30 बजे लायंस पार्क चौराहा नीमच से प्रारंभ होगी। करीब 90 किलोमीटर की यह पदयात्रा श्रद्धालुओं की भक्ति, अनुशासन और उत्साह का प्रतीक बनेगी।
पदयात्रा को लेकर सोमवार को स्थानीय किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति सदस्य एडवोकेट मनीष जोशी, हरीश दुआ, गोपाल गर्ग जीजी, महेंद्र मोनू लोक्स, राजेंद्र गर्ग आदि संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि श्री सांवरिया सेठ दरबार तक पैदल यात्रा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी यात्रा के लिए किसी प्रकार का पंजीयन आवश्यक नहीं होगा।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक 2 किलोमीटर की दूरी पर जलपान की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा एक अतिरिक्त वाहन पूरे मार्ग में साथ चलेगा, ताकि थकान या अस्वस्थता महसूस करने वाले यात्रियों को आगे तक पहुंचाया जा सके। चिकित्सा सुविधाओं के लिए मेडिकल टीम भी यात्रा में शामिल रहेगी।
सांवरिया भक्त मंडल के अरुल अरोरा (गंगानगर) ने बताया कि इस वर्ष यात्रा को और अधिक दिव्य व भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया गया है। पूरे मार्ग में भजन–कीर्तन, जयकारे और धार्मिक आयोजन किये जाएंगे। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह पदयात्रियों का स्वागत व अभिनंदन किया जाएगा।
3 फरवरी को भव्य भजन संध्या-
पदयात्रा से एक दिन पूर्व 3 फरवरी 2026, मंगलवार को नीमच के लायंस पार्क चौराहा पर शाम 7:30 बजे भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रख्यात भजन गायक छोटू सिंह रावणा अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
निंबाहेड़ा में रात्रि विश्राम-
4 फरवरी को नीमच से शुरू हुई पदयात्रा का रात्रि विश्राम राजस्थान के निंबाहेड़ा कृषि उपज मंडी परिसर में होगा, जहां श्रद्धालुओं के भोजन और ठहरने की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। यहां भी आकर्षक भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। अगले दिन 5 फरवरी को अलसुबह यात्रा पुनः प्रारंभ होकर दोपहर तक मंडफिया धाम पहुंचेगी, जहां भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा