नीमच | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में "जिला जल एवं स्वच्छता मिशन" की बैठक गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, कार्यपालन यंत्री लो.स्वा.यां.विभाग दीपेश वास्पत, महाप्रबंधक जल निगम धीरेन्द्र कुमार बिजोरिया, सभी समिति सदस्यगण उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर चंद्रा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की प्रगति एवं ग्रीष्मकालीन ग्रामीण पेयजल व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिये है,कि ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के नवीन नलकूप खनन की मांग पत्रों पर मौका निरीक्षण कर आवश्यकता के अनुरूप स्थल का चयन कर, प्रस्ताव प्रस्तुत करें। जिले की जिन ग्राम पंचायतों में जलकर की राशि वसूल नही हो रही, उन ग्राम पंचायतो की सूची तैयार कर जिला पंचायत के माध्यम से कार्यवाही करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए है, कि जिले में किसी भी ग्राम पंचायत में पेयजल परिवहन बिना स्वीकृति के नहीं किया जावे। उन्होने निर्देश दिए, कि जल परिक्षण प्रयोगशालाओं से कोई भी पेयजल नमूना स्वीकार सीमा में नहीं पाया जाता है, तो परीक्षण रिपोर्ट संबंधित ग्राम पंचायत को अवगत कराते हुऐ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत को प्रेषित करें। बैठक में कलेक्टर चंद्रा ने महाप्रबंधक, म.प्र.जल निगम को निर्देशित किया, कि पाईप लाईन खुदाई के पूर्व संबंधित विभाग को सूचना दी जाए तथा लिखित अनुमति उपरांत ही पाईप लाईन बिछाने का कार्य करें। जहां-जहां लोक निर्माण विभाग की रोड प्रस्तावित है तथा जहां पाईप लाईन निर्माण के अंतर्गत आ रही है उसे प्राथमिकता से स्थानांतरित करें।