नीमच | मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार गुरूवार को ग्राम पंचायत भादवा माता में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा आमजन को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वृहद विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच की सचिव शोभना मीणा, जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग से उपसंचालक वैभव बैरागी, स्वास्थ्य विभाग से डॉ.जुनैद खान, आदिम जाति कल्याण विभाग से क्षेत्रीय संयोजक डॉ. प्रीतम, सामाजिक न्याय विभाग, थाना यातायात, तथा गैर शासकीय संगठन पुनर्जागरण एवं जनसाहस के पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल स्थापित कर, पम्पलेट, बैनर एवं अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित वक्ताओं द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ किस प्रकार प्राप्त किया जा सकता है, इस संबंध में सरल एवं व्यवहारिक जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच की सचिव शोभना मीणा द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना, महिला एवं बाल संरक्षण, नशा मुक्ति, साइबर अपराध जागरूकता एवं अन्य विधिक प्रावधानों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।