*KHABAR : पीएम जीवन ज्योति एवं सुरक्षा बीमा के क्लेम का त्वरित निराकरण करें बैंक : कलेक्टर चंद्रा, पढ़े MP44 NEWS खबर*

MP44 NEWS May 25, 2026, 7:03 pm Technology

नीमच । कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजनाओं के तहत प्राप्त होने वाले क्लेम प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर पीड़ित परिवार को क्लेम राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति (DLCC) की बैठक में स्वरोजगार योजनाओं की विभागवार, बैंकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर चंद्रा ने कहा कि इन दोनों योजनाओं में जिले के शत-प्रतिशत खाताधारकों का पंजीयन कर जिले को सैचुरेटेड करें। एलडीएम को निर्देश: कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक बैंक शाखावार आगामी बैठक में लंबित क्लेम प्रकरणों की एक्जाई जानकारी एलडीएम संकलित कर प्रस्तुत करें। एक माह से अधिक लंबित क्लेम प्रकरणों की नामजद सूची भी प्रस्तुत की जाए। जनधन खाते एवं एनपीए सुधारने पर जोर: बैठक में प्रधानमंत्री जनधन योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी बैंक शाखाएं 0 बैलेंस वाले सभी खातों को सक्रिय कर लेन-देन प्रारंभ करवाएं। साथ ही इन बैंक खातों का री-केवाईसी या ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से करवाएं। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक एवं बंधन बैंक को विशेष रूप से एनपीए सुधारने के निर्देश दिए। बड़े बकायादारों को सूचीबद्ध कर बकाया राशि की प्राथमिकता से वसूली करने को कहा। स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा: कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, संत रविदास योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना सहित उद्योग, उद्यानिकी, मत्स्य विभाग द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की गत वित्तीय वर्ष की प्रगति एवं चालू वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभी से लक्ष्य पूर्ति हेतु पर्याप्त प्रकरण तैयार कर बैंकों को प्रेषित करें तथा ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करवाएं। बैठक में रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि राम पोरवाल ने कहा कि बैंक अपने सर्विस एरिया का आंकलन कर देखें कि पांच हजार की आबादी वाली कोई बसाहट, पंचायत या गांव बैंकिंग सेवाओं से वंचित तो नहीं है। प्रत्येक पांच हजार की आबादी पर बैंक शाखा या बीसी की सेवाएं उपलब्ध करवाएं। कलेक्टर ने एलडीएम को ग्राम पालसोड़ा में बैंक ऑफ बड़ौदा की नवीन शाखा खोलने हेतु आवश्यक कार्यवाही एवं वरिष्ठ कार्यालय से पत्राचार के निर्देश दिए। एनुअल क्रेडिट प्लान: नाबार्ड के प्रतिनिधि योगेंद्र सैनी ने जिले का एनुअल क्रेडिट प्लान तैयार करने संबंधी प्रजेंटेशन दिया और बताया कि वर्ष 2021-22 के एनुअल क्रेडिट प्लान से वर्ष 2025-26 तक 120 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है। बैठक में नाबार्ड प्रतिनिधि योगेंद्र सैनी, एलडीएम शिशांतु शेखर, सांसद प्रतिनिधि पवन कुमार दुबे एवं सभी जिला अधिकारी तथा बैंक शाखाओं के प्रबंधक उपस्थित थे। प्रारंभ में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक शिशांतु शेखर ने बैठक की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

Related Post

window.OneSignal = window.OneSignal || []; OneSignal.push(function() { OneSignal.init({ appId: "6f6216f2-3608-4988-b216-8d496a752a67", }); });