सदर थाना क्षेत्र में अब चोरियां आम बात हो गई हैँ। पिछले महीनों में हुई चोरियों का अभी तक खुलासा भी नहीं हुआ कि मधुबन कॉलोनी में एक और चोरी हो गई। इस बार ना किसी के घर के ताले टूटे और ना सोने-चांदी के गहने चोरी हुए। बल्कि बाहर सूख रहे कपड़े चोरी होने लगे हैं। जब घर के मालिक ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो पाया की एक लड़की कपड़े चोरी करके भाग रही है। घर के मालिक ने तुरंत इसकी जानकारी पार्षद प्रतिनिधि को दी। मौके पर पहुंचने के बाद पार्षद प्रतिनिधि ने लगातार हो रही इन चोरियों पर अपनी नाराजगी जताई। फुटेज में दिखी एक लड़की, चोरी कर भागी मधुबन कॉलोनी निवासी कमलेश कुमार मीणा ने बताया कि सुबह उनके घर वालों ने कुछ कपड़े धो कर बाहर आंगन में सुखाए थे। शाम को जब कपड़े लेने गए तो पता चला की एक जोड़ी कपड़े कम है। आसपास काफी ढूंढने के बाद भी कपड़े नहीं मिले। इस पर घर वालों को शक हुआ। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक लाल रंग की सलवार सूट पहनी हुई एक लड़की दिखी। लड़की घर के सामने वाली गली से आई और बाहर सूख रहे कपड़े लेकर वापस गली की तरफ भाग गई। कमलेश मीणा ने बताया कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। दस दिन पहले भी घर के बाहर से कपड़े चोरी हुए थे लेकिन उस दिन शक नहीं हुआ था। घर वालों ने सोचा कही उड़ गए लेकिन दुबारा होने पर शक हुआ। लगातार हो रही वारदातों पर जताई नाराजगी पार्षद प्रतिनिधि नीरज सुखवाल ने बताया कि मधुबन कॉलोनी में लगातार 6 महीने या उससे ज्यादा समय से चोरियां और कई वारदाते हो रही हैं। पुलिस को रिपोर्ट दी गई। उच्च अधिकारियों को कई बार कहा गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना भी पास है। कई पुलिस कर्मी भी यही रहते हैं। बार बार रात्रि गश्त की मांग भी की लेकिन वो भी नहीं हुआ। सुखवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इतने पॉश एरिया में लागतार चोरियां हो रही हैं। पुलिस के होते हुए भी कोई सेफ महसूस नहीं करता।