मंदसौर/भोपाल -
मंदसौर में शनिवार को प्रदेश का पहला कृषि-उद्योग समागम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने सीतामऊ में आयोजित कार्यक्रम में फूड प्रोसेसिंग से जुड़े उद्यमियों से संवाद किया। इस दौरान 3,812 करोड़ रुपए के निवेश से 11 औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन किया गया।
इन उद्योगों से मंदसौर, नीमच और आसपास के इलाकों में करीब 15,350 लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को बिजली में आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। अब वे सौर ऊर्जा से बिजली बनाएंगे और अपने पंप चलाएंगे। जरूरत से अधिक बिजली का राज्य सरकार खरीद करेगी और भुगतान भी करेगी। सीएम ने कहा कि किसान फलोद्यान, उद्यानिकी और फूड प्रोसेसिंग से जुड़ें। हर जिले में ‘वृंदावन ग्राम’ विकसित किए जाएंगे।
दूधाखेड़ी में देवी लोक बनाने की घोषणा की
मुख्यमंत्री ने दूधाखेड़ी में देवी लोक बनाने की घोषणा भी की। यहां 400 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। शामगढ़-सुवासरा और ताखाजी सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार भी शामिल है।