नीमच। शहर में दिनदहाड़े हुई 65 ग्राम सोने की चोरी की वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। मामले में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि दुकान का मुनीम ही चोरी का आरोपी निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये मूल्य का 65 ग्राम सोना बरामद कर लिया है। पुलिस थाना नीमच कैंट में फरियादी मनीष सिंघल (उम्र 56 वर्ष), निवासी तिलक मार्ग नीमच ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी ज्वेलर्स दुकान के कर्मचारी दिलखुश पिता शांतिलाल नागदा (उम्र 35 वर्ष), निवासी बिसलवास बामनिया, 65 ग्राम सोना लेकर लौटते समय कथित लूट की घटना बताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना नीमच कैंट व साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान कर्मचारी पर ही संदेह गहराया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने मनगढ़ंत कहानी रचकर सोना गबन करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया 65 ग्राम सोना विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।