नीमच | इन दिनों सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर कतिपय लोगों द्वारा शहर में बच्चा चोरी गैंग की झूठी अफवाहों को फैलाया जा रहा है। नीमच शहर में इस प्रकार की कोई घटना अभी तक प्रकाश में नहीं आई है ना ही कोई ऐसी गैंग सक्रिय है। बच्चा चोरी गैंग से संबंधित पोस्ट, संदेश पूर्णतः निराधार, भ्रामक और तथ्यहीन हैं। इन अफवाहों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है तथा इनका उद्देश्य केवल आमजन में भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न करना है। अफवाहों से बचें। कई बार बच्चा चोर की झूठी अफवाहों के कारण निर्दोष लोगों के साथ मारपीट की घटनाएँ भी होती हैं। किसी भी व्यक्ति पर शक होने पर खुद कानून हाथ में न लें. तुरंत पुलिस को सूचित करें। नीमच पुलिस ऐसे असामाजिक तत्वों जो जानबूझकर सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चा चोरी की झूठी सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं। जिलें की सोशल मीडिया मानिटरिंग सेल द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निरंतर निगरानी की जा रही है और भ्रामक सामग्री पोस्ट करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नीमच पुलिस द्वारा सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर भ्रामक पोस्ट /मैसेज/वीडियो आदि वायरल करने वालों के विरुद्ध धारा 163 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई के आदेश का उल्लंघन करने पर झूठी व भ्रामक खबरें फैलाने वालों के विरुद्ध धारा 223 बीएनएस के तहत पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। इसलिए इस प्रकार के झूठी व भ्रामक खबरों पर न तो ध्यान दे और न ही उन्हें वायरल करे। पुलिस अधीक्षक नीमच द्वारा आमजन से अपील करते हुए कहा कि बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा नीमच पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। झूठी अफवाहें समाज में अनावश्यक दहशत फैलाती हैं और कानून व्यवस्था के लिए चुनौती उत्पन्न करती हैं। आमजन किसी भी अपुष्ट एवं आधारहीन खबर पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। किसी भी सूचना को सत्यापित करने के लिए केवल आधिकारिक स्त्रौतो पर ही भरोसा करें। नीमच पुलिस आम नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करती है। यदि किसी भी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना या पुलिस कन्ट्रोल रूम नीमच 07423-228000/7049101042 पर तत्काल सुचित करें। समय पर दी गई सूचना किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने में सहायक सिद्ध हो सकती है।