नीमच। शहर के सराफा बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 65 ग्राम सोना लूटे जाने की चर्चा फैल गई। जानकारी के अनुसार मंगलम ज्वेलर्स पर कार्यरत दिलकश नागदा नामक कर्मचारी स्वास्तिक बुलियन पर सोना एक्सचेंज करने गया था। बताया जा रहा है कि लौटते समय छोटा सराफा, पुराना डाकघर क्षेत्र के पास गली में कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लगभग 65 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए। घटना की खबर फैलते ही सराफा व्यापारियों में चिंता का माहौल बन गया। हालांकि कैंट पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, कुछ व्यापारियों द्वारा इसे लूट की घटना बताया जा रहा है, जबकि पुलिस चोरी या अन्य कोणों से भी जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। फिलहाल बाजार में चर्चा तेज है, लेकिन अंतिम स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। सुनिए पुलिस और सर्राफा कारोबारियों के बयान