झाबुआ। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत रामा में भव्य सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास वि भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं और नवविवाहित दंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कुल 176 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जिनमें रामा क्षेत्र के 84 जोड़े तथा राणापुर क्षेत्र के 92 जोड़े शामिल थे। पूरे कार्यक्रम का आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां नवदंपतियों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और विशेष रूप से गरीब परिवारों की बेटियों के भविष्य को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मंत्री भूरिया ने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह समाज में सहयोग, समानता और सहभागिता की भावना को भी मजबूत करता है। इस योजना के माध्यम से जहां एक ओर जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग मिलता है, वहीं दूसरी ओर बेटियों के विवाह को गरिमा और सम्मान के साथ संपन्न कराया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी गरीब परिवार अपनी बेटी के विवाह को लेकर आर्थिक चिंता में न रहे और हर बेटी का विवाह सम्मान के साथ संपन्न हो। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आपसी प्रेम, विश्वास और समझदारी के साथ अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत करें तथा परिवार और समाज के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएं। उन्होंने सभी दंपतियों के सुखद, समृद्ध एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाली योजना है। इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता मिलने के साथ ही बेटियों का विवाह सामाजिक गरिमा के साथ संपन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शिता के साथ मिले। कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग पंकज सांवले, सीईओ जनपद पंचायत रामा वर्षा सोलंकी, तहसीलदार रामा प्रमेश जैन, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन को उत्सवपूर्ण और भव्य स्वरूप में संपन्न कराया गया।