नीमच। जिला युवा प्रेस क्लब नीमच द्वारा होली के अवसर पर होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन रविवार, 15 मार्च 2026 को किया जाएगा। यह कार्यक्रम रोटरी क्लब, गोमाबाई रोड (कलेक्टर चौराहा के पास) आयोजित होगा। कार्यक्रम में जिले के पत्रकारों के साथ जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास मंत्री व नीमच की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया, सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जावद विधायक व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे पत्रकार विचार-विमर्श से होगी, जिसमें पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों और चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे अतिथि स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर नीमच जिले के वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान भी किया जाएगा, जिन्होंने लंबे समय से पत्रकारिता के माध्यम से समाज और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया है। जिला युवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश मालवीय ने बताया कि होली के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, सौहार्द और पत्रकारिता के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रखा गया है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित जनों के लिए स्नेहभोज की व्यवस्था भी की गई है।