नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र अंतर्गत हाड़ी पिपलिया गांव में आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो मोटरसाइकिल सवार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाड़ी पिपलिया गैस एजेंसी के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हुई, जिसमें बबलू ढोली (गंधर्व) निवासी हाड़ी पिपलिया और प्रकाश बंजारा निवासी जोरावरपुरा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजकर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है; शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।